पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों कुत्ते और बंदरों के आतंक से स्थानीय लोग और पर्यटक खासे परेशान हैं। मालरोड पर राह चलते पर्यटकों को काटने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
मंगलवार को मालरोड पर झूलाघर के आसपास एक पागल कुत्ते ने 17 लोगों को काटा। इनमें छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं।
कुत्ते की तलाश में जुटी रहीं टीमें
नगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार पागल कुत्ते की तलाश में जुटी रही। कुत्ता हाथ नहीं लगा। कुत्ते के काटने के बाद घायल लोगों ने राजकीय चिकित्सालय सेंटमेरी जाकर इंजेक्शन लगवाए।
दूसरी ओर एक बंदर स्थानीय युवक पर झपटा। नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग ने पागल कुत्ते को खोजने के लिए अलग-अलग टीमें बना दी हैं। पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि पालिका द्वारा जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।