उज्ज्वला योजना में फर्जीवाड़ा उजागर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। गैस की घटतौली और अवैध री-फिलिंग के बाद अब केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना में भी फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक महिला के आवेदन पर गैस एजेंसी ने कनेक्शन किसी और को दे दिया। आवेदन करने वाली महिला गैस एजेंसी के चक्कर काट रही और एजेंसी कर्मचारी उसे बहाने बनाकर टरकाते रहे। अब मामला सामने आने के बाद गैस एजेंसी संचालक मामले में लीपापोती में जुटा है।
अजबपुर खुर्द निवासी रीना देवी ने बताया कि उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन लेने के लिए दो माह पहले अरविंद गैस एजेंसी पर आवेदन किया था। आवेदन के साथ पात्रता संबंधी सभी प्रमाण गैस एजेंसी कार्यालय में जमा किए थे। कर्मचारियों ने उनको दो सप्ताह बाद कनेक्शन जारी कर गैस देने का आश्वासन दिया था। दो माह बाद जब वह एजेंसी के कार्यालय में पहुंची तो कर्मचारियों ने अभी कनेक्शन जारी नहीं होना बताकर टरका दिया। इसके कुछ दिन बाद वह फिर कनेक्शन के बारे में जानकारी करने पहुंची लेकिन इस बार भी टरका दिया गया। इसी तरह कई बार परेशान होने के बाद वह दूसरी एजेंसी पर कागजात लेकर पहुंची। वहां पता चला कि उसके नाम उज्ज्वला योजना के तहत अरविंद गैस एजेंसी से कनेक्शन जारी हो चुका है। महिला ने और जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसके नाम का कनेक्शन किसी और को दे दिया गया है। महिला का कहना है कि वह इसकी शिकायत प्रधानमंत्री से करेगी। वहीं गोलमाल उजागर होने पर एजेंसी संचालक मामले में लीपापोती में जुटा है। उधर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस तरह के और भी मामले हैं जिनमें एजेंसी के स्तर से फर्जीवाड़ा हुआ है।
-------
महिला कागज लेकर आई थी जिसके बाद उसके आवेदन पर कनेक्शन जारी हुआ या नहीं इसकी जानकारी नहीं है। पात्र महिला से बात कर उसे कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा।
- अरविंद, संचालक अरविंद गैस एजेंसी
-- --
इस प्रकार की शिकायतें मिल रही हैं। अगर डिस्ट्रीब्यूटर ने किसी और को कनेक्शन जारी कर दिया है तो उसके खिलाफ मानकों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
- चमनलाल, अध्यक्ष, दून एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन