ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
चारधाम की रक्षा करने वाली मां धारी देवी की डोली शुक्रवार को धूमधाम से पंचप्रयाग के लिए रवाना हुई। इसके पहले मां धारी देवी का विशेष शृंगार कर पूजा अर्चना की गई। इस दौरान माता के जयकारों से द्रोणनगरी गूंज उठी।
ईष्ट देव सेवा समिति की ओर से शुुक्रवार को आयोजित मां धारी देवी की डोली नेहरू कॉलोनी से धूमधाम से निकाली गई। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के चरणों पर मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने फव्वारा चौक पर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को देव डोली के साथ पंचप्रयाग के लिए रवाना किया। आचार्य सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि राज्य आंदोलनकारी उमा दत्त जुगरान व भूपेंद्र भंडारी ने शाम को ऋषिकेश में देव डोली का स्वागत किया। यहां मां धारी देवी की विशेष पूजा अर्चना की गई। इस मौके पर घनानंद, जगमोहन नेगी, रामलाल खंडूड़ी, प्रदीप कुकरेती, महेंद्र रावत, महेंद्र प्रताप नेगी, रंजीत भंडारी, कुसुम बिष्ट, अनिल गोदियाल, संजय राणा, रवींद्र प्रधान आदि मौजूद रहे।