ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कृषि उत्पादन मंडी परिसर में किसान भवन नहीं होने से काश्तकारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संगोष्ठी के लिए स्थान सुनिश्चित नहीं होने से जौनसार-बावर व पछवादून क्षेत्र के काश्तकारों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। यह आलम तब है जब मंडी समिति के लाभांश का निश्चित हिस्सा प्रत्येक वर्ष विकास कार्यों में खर्च किया जाता है।
कृषि उत्पादन मंडी परिषद जौनसार-बावर सहित पछवादून, उत्तरकाशी, टिहरी व हिमाचल के सिरमौर जिले के काश्तकारों की प्रमुख मंडी है। यहां से देश के कई प्रांतों में उत्पाद निर्यात किए जाते हैं। 20 एकड़ में फैले मंडी परिषद परिसर में किसानों के लिए कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं है। हालांकि परिसर में पांच एकड़ जमीन खाली पड़ी हुई है। स्थानीय काश्तकार खाली पड़ी जमीन पर किसान भवन, कृषि दवाई केंद्र, सरकारी औजार केंद्र, मृदा परीक्षण केंद्र, बीज केंद्र के लिए भवन निर्माण की मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार काश्तकारों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस बाबत कृषि उत्पादन मंडी परिषद के सचिव पीआर कालाकोटी ने बताया कि मंडी परिसर में किसान भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।