उत्तरकाशी। गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने भटवाड़ी के सौरा, सालू और स्याबा गांव का भ्रमण कर गांव की चौपाल पर जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने दो माह के भीतर स्याबा गांव के लिए सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराने की घोषणा की।
रविवार को गंगोत्री विधायक क्षेत्र भ्रमण पर भटवाड़ी प्रखंड के स्याबा गांव पहुंचे। विधायक ने गांव के चौक में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि डिडसारी से बायणा लौंथरू होते स्याबा गांव तक सड़क स्वीकृत हो गई है। दो माह के भीतर इसकी निविदाएं आमंत्रित कर काम शुरू करा दिया जाएगा।
सालू गांव में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने अभी तक गांव में बिजली नहीं पहुंचने की बात कही। इस पर विधायक ने बताया कि मल्ला तक बिजली के पोल और लाइन पहुंच चुकी है। दो माह के भीतर गांव में बिजली पहुंच जाएगी। सौरा गांव में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सैंज के सामने के खेतों तक का रास्ता नहीं होने से खेत बंजर होने की शिकायत की। इस पर विधायक ने खेतों तक शीघ्र रास्ता बनवाने की बात कही। विधायक ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर गांव की चौपाल पर ही जनसमस्याओं का निस्तारण करने के साथ ही विकास योजनाओं का खाका तैयार करेंगे।