देहरादून-इंदौर और देहरादून कोच्चिवेली एक्सप्रेस का संचालन निरस्त
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। मैदानी इलाकोें में पड़ रहे कोहरे के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने लगा है। कोहरे के चलते रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनाें का संचालन निरस्त कर दिया है, जिसमें देहरादून से संचालित कई ट्रेनें शामिल हैं।
बृहस्पतिवार को स्टेशन अधीक्षक सीताराम सोनकर ने बताया कि देहरादून से इंदौर जाने वाली इंदौर एक्सप्रेस का संचालन 22 दिसंबर को निरस्त किया गया है। इंदौर से देहरादून आने वाली यहीं ट्रेन 23 दिसंबर को निरस्त रहेगी। इसके अलावा देहरादून से कोच्चिवेली जाने वाली ट्रेन 22 दिसंबर को निरस्त रहेगी। वहीं कोच्चिवेली से देहरादून आने वाली ट्रेन शुक्रवार को नहीं आएंगी। स्टेशन अधीक्षक सीताराम सोनकर ने बताया कि दून के अलावा हरिद्वार से संचालित होने वाली कुछ ट्रेनों को निरस्त किया गया है। दूसरी ओर इन ट्रेनों का संचालन निरस्त होने से यात्रियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। ट्रेनों का संचालन निरस्त होने से शुक्रवार को आरक्षण निरस्त कराने को लेकर यात्रियों की भी भीड़ लगी रही। जबकि आनलाइन आरक्षण कराने वाले यात्रियों ने आनलाइन आरक्षण निरस्त किया। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों भी कोहरे के चलते कुछ ट्रेनों का संचालन निरस्त किया गया था, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी थी।