राज्य में डेंगू के 36 मरीज और मिले
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। मौसम बदलने के साथ ही डेंगू का प्रकोप बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में ही मंगलवार को राज्य में डेंगू के 36 नए मामले सामने आए हैं। विभागीय अफसरों के मुताबिक देहरादून और हरिद्वार में 11-11 मरीज तो नैनीताल में सात मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि टिहरी गढ़वाल में पांच, ऊधमसिंह नगर व चंपावत में एक एक मरीजाें में डेंगू पाया गया है। इसी के साथ राज्य में अब तक 368 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।
एक ही दिन में इतनी अधिक संख्या में मरीजों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। स्वास्थ्य महानिदेशक के निर्देश पर डेंगू प्रभावित इलाकों में टीमों को रवाना किया गया है। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत व स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत ने संबंधित जिलों के सीएमओ से डेंगू मरीजों के बारे में जानकारी ली है। जिला मलेरिया अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि जिन मरीजों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं उनका इलाज किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के ही आंकड़ों पर नजर डाले तो राज्य में अब तक डेंगू के 368 मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें से दो की मौत हो चुकी है। इसके अलावा राज्य में चिकनगुनिया के भी 11 मामले सामने आ चुके हैं। डॉ. टीसी पंत का कहना है कि डेंगू का प्रकोप कम करने के लिए विभाग की ओर से एहतियाती कदम उठाए गए हैं। डेंगू प्रभावित इलाकों में एंटी लार्वा स्प्रे करने के साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।