ईमानदारी के साथ काम ही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि : मुन्ना
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि राज्य का प्रत्येक व्यक्ति ईमानदारी के साथ राज्य के हित में काम करे। यही उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के प्रति की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुन्ना सिंह चौहान मंगलवार को बदरी-केदारी सहयोग समिति के ओर से उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों के सम्मान में आर्य समाज मंदिर स्थित शेरगढ़ बालावाला में आयोजित श्रद्धांजलि सभा और गांधी व शास्त्री जयंती कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने कहा कि गांधीजी ने तन पर कपडे़ पहने बिना अपने आप को राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। मजदूर किसान के परिवार से जन्म लेने वाले शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया और देश में सम्मानित मुकाम हासिल किया। ऐसे ही महापुरुषों के त्याग से हमें आजादी मिली। ऐसे में देश के प्रति ईमानदारी से कार्य करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर महिला व बाल आयोग की अध्यक्ष ऊषा नेगी ने कहा कि जिन लोगों ने यातनाएं झेलीं। उनका प्रत्येक राज्यवासी ऋ णी है। इस ऋ ण को केवल राज्य के विकास के प्रति संकल्पित और ईमानदारी के साथ काम करके ही चुकाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान 50 राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दरबान सिंह कोटवाल बंदूनी, अशोक राज परमार, नरेंद्र बिष्ट समेत बालावाला, नथुवावाला, हर्रावाला, गुलरघाटी, तुनवाला, मियांवाला, शमशेरगढ़ आदि के ग्रामीण शामिल रहे।