श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में शुक्रवार को हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना से आक्रोशित कर्मचारी अनिश्चितकाल के लिए कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी व महासचिव रविंद्र सिलवाल ने कहा कि इस तरह के माहौल में काम करना संभव नहीं है। जब तक कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले उपद्रवी छात्रों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक कार्य बहिष्कार रहेगा।
उधर, एसएसपी जेआर जोशी ने बताया कि शनिवार से प्रशासनिक भवन में एक कंपनी पीएसी तैनात कर दी जाएगी। कर्मचारियों की मांग पर कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने एसएसपी से विवि में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की थी। विवि प्रशासन ने शुक्रवार को हुई घटना के मामले में पुलिस पर असहयोग का आरोप लगाया है। विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने कहा कि पुलिस को पूर्व में सूचित किया गया था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने फौरी तौर पर कुछ ही लोग यहां भेजे। घटना के दौरान भी पुलिस के उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया था।
प्रशासनिक भवन में बिना पहचान पत्र के नहीं होगी एंट्री
श्रीनगर। अब गढ़वाल विवि के प्रशासनिक भवन में बिना पहचान पत्र के एंट्री नहीं होगी। विवि के नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा ने कहा कि प्रशासनिक भवन आने वाले हर व्यक्ति को गेट पर पहचान पत्र दिखाना होगा। साथ ही प्रत्येक आगंतुक की रजिस्टर में एंट्री की जाएगी। अभी तक विवि प्रशासनिक भवन के किसी भी गेट पर एंट्री व्यवस्था नहीं थी। ब्यूरो
डीएवी के छात्रों के व्यवहार से पूरा विवि आहत
श्रीनगर। कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने कहा कि बृहस्पतिवार देर रात डीएवी के प्राचार्य ने उन्हें फोन कर सूचित किया था कि यहां से छात्र दो गाड़ियों में श्रीनगर प्रशासनिक भवन पहुंचेंगे, लेकिन प्राचार्य ने यह नहीं बताया कि छात्र किस संदर्भ में यहां आ रहे हैं। हम छात्रों के साथ वार्ता के लिए तैयार थे, लेकिन डीएवी के छात्रों ने जो व्यवहार किया, उसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। इस घटना से पूरा विवि आहत है।
डीएवी को असंबद्ध करने के लिए कहा एमएचआरडी को
श्रीनगर। कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने पूरी घटना से एमएचआरडी के संयुक्त सचिव को अवगत कराया। साथ ही डीएवी कालेज को विवि से असंबद्ध किए जाने के लिए एमएचआरडी से कहा है।