58 साल बाद दून में बनेगा दूसरा सरकारी डिग्री कॉलेज
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। राजधानी में 58 साल के बाद दूसरा सरकारी डिग्री कॉलेज गढ़ी कैंट में खुलने जा रहा है। प्रदेश सरकार ने गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज को डिग्री कॉलेज बनाने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इससे पहले वर्ष 2014 में 54 साल के बाद रायपुर में डिग्री कॉलेज खोला गया था। इससे एक ओर जहां डीएवी में दाखिलों की मारामारी कम होगी वहीं दूसरी ओर गढ़ी कैंट क्षेत्र के युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
पहले डीएवी, एमकेपी और डीबीएस की स्थापना के बाद वर्ष 1960 में चौथे एसजीआरआर पीजी कॉलेज की स्थापना की गई थी। ये सभी कॉलेज अशासकीय हैं। एक भी सरकारी कॉलेज शहर में नहीं था। वर्ष 2014 में 54 साल के बाद दून में पहला सरकारी डिग्री कॉलेज रायपुर में खोला गया था। यह कॉलेज उसी साल शुरू हो गया था। इसके बावजूद हर साल हजारों छात्र कॉलेजों में कम सीटें होने की वजह से दाखिले से वंचित रह जाते थे। मसूरी विधायक गणेश जोशी लगातार गढ़ी कैंट में डिग्री कॉलेज खोलने की कवायद में जुटे थे। सरकार ने हाल ही में इस कॉलेज को सैद्धांतिक सहमति दे दी है। खास बात यह है कि इसके लिए जमीन तलाशने की जरूरत नहीं है। विधायक जोशी ने बताया कि गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज को ही डिग्री कॉलेज बनाया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी।
---
सरकार ने नए डिग्री कॉलेज को सहमति दे दी है। कॉलेज की आगे की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। इससे काफी संख्या में युवाओं को दाखिले का मौका मिलेगा।
-गणेश जोशी, मसूरी विधायक