ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
कोर्ट के आदेश पर पुरानी तहसील स्थित दुकान से कब्जा हटाने पहुंची पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इस बीच कब्जाधारी की पुलिस से नोकझोंक हो गई और हंगामा भी हुआ। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दुकान को कब्जामुक्त कराया और दुकान मालिक को कब्जा दिलवाया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुरानी तहसील में कई साल से एक दुकान पर किरायेदार ने कब्जा कर रखा था। दुकान मालिक ने किरायेदार से कई बार दुकान खाली करने की बात कही। लेकिन किरायेदार ने खाली करने से इंकार कर दिया। इसके बाद दुकान मालिक ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने दुकान मालिक को राहत देते हुए पुलिस को कब्जा हटाने के आदेश दिए। मंगलवार को पुलिस बल दुकान पर पहुंचा और किरायेदार से दुकान खाली कराने की बात कही। इस पर किरायेदार पुलिस से ही नोकझोंक करने लगा। इस दौरान किरायेदार ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो किरायेदार बैकफुट पर आ गया और शांत हो गया। इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस टीम को दुुकन खाली कराने भेजा था, जिस पर दुकानदार विरोध करने लगा। लेकिन बाद में पुलिस ने कब्जा हटवाते हुए दुकान मालिक को कब्जा दिलाया गया।