ब्यूरो, अमर उजाला, देहरादून
अजबपुर कलां क्रासिंग में हरिद्वार बाईपास रोड पर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के कार्य में रेलवे सहयोग करे तो यह अक्तूबर तक तैयार हो सकता है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने ओवर ब्रिज का निर्माण अक्तूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। लेकिन क्रासिंग के पास ट्रैक केनीचे से छोटे वाहनों के अंडरपास बनाने व रेल लाइन के ऊपर ब्रिज का काम लटका है। यह काम तभी हो सकता है जब रेल लाइन ब्लॉक की जाएगी।
हरिद्वार बाईपास रोड पर अजबपुर कलां क्रासिंग पर लगने वाले यातायात जाम से निजात दिलाने के लिए रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। ट्रैक के दोनों तरफ से पुल तैयार हो चुका है। लेकिन अब मुख्य कार्य रेल लाइन के नीचे और ऊपर होना है। इसके लिए एनएचएआई ने 25 जुलाई की सुबह साढ़े आठ से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक करीब पांच घंटे का ब्लॉक (रेलों का संचालन बंद) मांगा था। 24 जुलाई को मुरादाबाद डिवीजन की तरफ से ट्रैक ब्लॉक करने के आदेश जारी किए गए थे। लेकिन उसी शाम को अचानक आदेश निरस्त कर दिया। इससे अंडरपास बनाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। इस कार्य के लिए दिल्ली से भारी क्रेनें मंगवाई गई थीं। इन्हें वापस भेजना पड़ेगा। अब दोबारा रेलवे की ओर से ब्लॉक कब मिलेगा। यह अभी तक तय नहीं है। लेकिन रेलवे की ओर से एनएचएआई को प्राथमिकता के आधार पर ब्लॉक देने का भरोसा दिया गया है।
कोट्स
रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य एनएचएआई करा रहा है। दोनों तरफ से पुल का काम पूरा होने के बाद अब ट्रैक के नीचे अंडरपास व ऊपर से ब्रिज का काम होना है। ट्रैक के नीचे छोटे वाहनों के लिए अंडरपास बनेगा। इसके लिए मेगा ब्लॉक की जरूरत है। रेलवे सहयोग करे तो अक्तूबर माह तक निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। प्रवीण सक्सेना, एसडीओ, एनएचएआई
कोट्स
रेलवे लाइन की मेंटिनेंस या अन्य निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक देने का निर्णय मुरादाबाद मंडल स्तर पर लिया जाता है। इसमें स्टेशन स्तर पर किसी प्रकार कोई फैसला नहीं लिया जाता है। ब्लाक का आदेश जारी करना और उसे निरस्त करने का अधिकार डिवीजन पर होता है।-हर स्वरूप, निदेशक, देहरादून स्टेशन