ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
पलटन बाजार में अतिक्रमण चिह्नीकरण पर व्यापारियों के विरोध के बाद प्रशासन बैकफुट पर आ गया। सोमवार को टास्क फोर्स ने दोबारा अतिक्रमण चिह्नित कर व्यापारियों को कुछ राहत दी। बीते दिनों जिन स्थानों पर लाल निशान लगे थे, वहां उससे दो-तीन फुट आगे निशान लगाए लगाए गए। इस दौरान कुछ जगहों पर टास्क फोर्स के अधिकारियों के साथ व्यापारियों की बहस भी हुई।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ पलटन बाजार के व्यापारी मुखर दिखाई दिए। सोमवार सुबह टास्क फोर्स पहुंची तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। व्यापारियों ने कहा कि वर्ष 2005 में ही पलटन बाजार में अतिक्रमण चिह्नित कर उसे ध्वस्त किया जा चुका है। लिहाजा दोबारा अतिक्रमण चिह्नित करना गलत है। टास्क फोर्स घंटाघर से मिशन स्कूल तक दोबारा अतिक्रमण चिह्नित किया तो तो नजारा पहले से उलट दिखाई दिया। कुछ दिन पहले जहां टीम ने निशान लगाए थे, उससे दो से तीन फुट आगे निशान लगाए।
दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन ने कहा कि मंगलवार को मिशन स्कूल से राजा रोड की ओर से अतिक्रमण चिह्नित होगा। रविवार को पलटन बाजार के व्यापारी टास्क फोर्स के अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव से मिलकर राहत देने की मांग की थी। इस पर उन्होंने दोबारा अतिक्रमण चिह्नित कर उसे तोड़ने का आश्वासन दिया था। इसके बाद सोमवार को दोबारा अतिक्रमण चिह्नित किया गया। रवि मल्होत्रा, शेखर, हरीश गुप्ता, महेश, अशोक गर्ग, रोहित, विनीत मिश्रा, संतोष आदि व्यापारियों ने टीम को सहयोग दिया।