ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
राजपुर विधायक खजानदास ने बुधवार को पेयजल समस्याओं को लेकर जल निगम और नलकूप खंड के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने जनता की समस्याओं का निस्तारण न होने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत मेें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मानसून से पहले पेयजल योजनाओं के कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
रेसकोर्स स्थित विधायक आवास पर आयोजित बैठक में विधायक ने शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही जनता की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने को कहा। कहा कि रेसकोर्स, डालनवाला, न्यू चंदर रोड में सीवर लाइन और सीमेंट रोड, डीएल रोड, संजय कॉलोनी, की पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, इसका जल्द लोकार्पण कराया जाए। वहीं, उन्होंने करनपुर सीवरेज, बूचड़गली गांधी रोड में सीवर लाइन डालने के कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। रेसकोर्स में 2.27 करोड़ की लागत से पेयजल योजना का निर्माण शुरू कराने को कहा।
वहीं उन्होंने सभी विभागों को मानसून से पहले सतर्क रहने और सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। राजपुर रोड़ स्थित गुरूनानक स्कूल खुड़बुड़ा, बकरालवाला आदि क्षेत्रों में नलकूप व ट्यूबवेल के प्रस्ताव तैयार कर राज्य सेक्टर में स्वीकृति के लिए शासन को भेजने को कहा। बैठक में अधिशासी अभियंता पल्लवी कुमारी, सहायक अभियंता अरविंद सजवाण, अधिशासी अभियंता अनुज कौशिक, मंडल अध्यक्ष उमा रमेश तिवारी, महामंत्री सुनील शर्मा, विपिन चंचल, विनय कोहली आदि मौजूद रहे।