ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निगम सीमा विस्तार संबंधित जिलाधिकारी कार्यालय से पहुंची 150 आपत्तियों पर नगर निगम अपनी रिपोर्ट बुधवार को जिलाधिकारी को सौंपेगा। नगर निगम ने बीते शनिवार को 81 आपत्तियों पर अपनी रिपोर्ट दे दी थी, लेकिन अभी 69 आपत्तियों पर रिपोर्ट देनी बाकी है।
नायब तहसीलदार नरेशचंद्र नौटियाल ने बताया कि शनिवार को काफी संख्या में आपत्तियां मिली थीं। जिनमें से 81 की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। शेष 69 आपत्तियों पर कार्य चल रहा है। जो बुधवार को पूरा हो जाएगा। अधिकतर आपत्तियां भाजपा और कांग्रेस की ओर से लगाई गई हैं। आपत्तियां वार्डों की संख्या और आबादी को लेकर है। वहीं कई आपत्तियां वार्डों के नाम को भी हैं। इन आपत्तियों की बिंदुवार रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
---
नगर निगम सीमा विस्तार से संबंधित कुल 150 आपत्तियां आई थीं। इनमें से 81 आपत्तियों की रिपोर्ट डीएम को दी जा चुकी है। शेष 69 आपत्तियों पर निगम द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जो बुधवार को जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी।
-विजय कुमार जोगदंडे, नगर आयुक्त