ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
अलग-अलग कारणों से पैर गंवाने वाले 12 दिव्यांग मंगलवार को नोएडा रवाना हुए। नोएडा के सेक्टर-56 स्थित जयपुर फुट में इन सभी दिव्यांगों को कृत्रिम पैर लगाए जाएंगे। बुधवार को कृत्रिम पैर लगाकर सभी दिव्यांग वापस आएंगे।
अमूल्य जीवन विकास चैरिटेबल सोसाइटी और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगों के कृत्रिम पैर लगवाए जा रहे हैं। इसके तहत आठ जनवरी को कुल 12 दिव्यांगों का पंजीकरण किया गया। इसमें चंद्रबनी के सुरेश कुमार (35), नीटू सिंह (38), नरेंद्र (42), सुरेश चंद (26), हरीश चंद्र (47), क्यारी रामनगर के प्यार सिंह (40), उत्तरकाशी के वीरेंद्र सिंह (50), मंडी, हिमाचल के केट सिंह (46), बिहारीगढ़ के सबदर अली, उत्तरकाशी के शांति लाल, भुट्टोवाला के चंद्रपाल (52), ममता देवी (35), साहिल (21) शामिल हैं।
मंगलवार सुबह चार बजे उन्हें नोएडा के लिए रवाना किया गया। सोसाइटी के अध्यक्ष बृजपाल सिंह और सुमित कुमार ने बताया कि मंगलवार को ही दिव्यांगों के पैरों का नाप लेकर कृत्रिम पैर तैयार कर लिए जाएंगे। इसके बाद दिव्यांगों को पैर लगाए जाएंगे। बुधवार को सभी दिव्यांग अपने-अपने घर पहुंचेंगे। दिव्यांगों के ठहरने, आने-जाने और कृत्रिम अंग लगाने का खर्च सोसाइटी वहन कर रही है। शिविर आयोजन में सोसाइटी के गणेश चंद, डॉ.एसके तोमर, गुलशन कुमार, रविंद्र जैन समेत अन्य सहयोग कर रहे हैं।