ढाई मिनट में समेटा ‘फर्श से अर्श’ तक का सफर
- तीर्थनगरी की मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ ने बहन और भाई के साथ बताया जीवन का संघर्ष
- ‘यू-ट्यूब’ और ‘सोशल मीडिया’ पर खूब ट्रेंड कर रहा है ‘स्टोरी ऑफ कक्कड़स’ वीडियो सॉंग
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। मेरे सोणहियां तेरियां रचाईयां खेडा सारियां... कुछ इन्हीं लाइनों के साथ जीवन के संघर्ष की शुरुआत करने वाली तीर्थनगरी ऋषिकेेश निवासी नेहा कक्कड़ और उनकी बहन सोनू व भाई टॉनी ने गायकी की दुनिया में देशभर में मुकाम हासिल किया है। इस दौरान उनके जीवन में आए संघर्ष को उन्होंने ‘स्टोरी ऑफ कक्कड़स’ वीडियो सांग में बयां किया है, जोकि ‘यू-ट्यूब’ और ‘सोशल मीडिया’ पर खूब ट्रेंड कर रहा है। उन्होंने गाने के माध्यम से युवाओं को भी रचनात्मकता के लिए प्रेरित करने की कोशिश की है।
तीर्थनगरी में जगराता में माता के भजनों से गायन की शुरुआत करने वाली नेहा कक्कड़ और उनकी बहन सोनू कक्कड़ ने कड़ी मेहनत के बूते मुंबई पहुंचकर गायकी की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाने कामयाबी हासिल की। वह वॉलीबुड की कई सुपरहिट फिल्मों में गाने गा चुकी हैं। इस क्षेत्र में उनकी बहन सोनू कक्कड़ और भाई टॉनी कक्कड़ ने भी कदम रखा और उन्होंने भी सफलता प्राप्त की।
हाल ही में ‘स्टोरी ऑफ कक्कड़स’ नाम से गीत ‘यू-ट्यूब’ और ‘सोशल मीडिया’ ‘फेसबुक’ पर खूब ट्रेंड कर रहा है। गीत में नेहा, सोनू और उनके भाई टॉनी कक्कड़ ने ऋषिकेश से शुरू किए गए संघर्ष और उस वक्त की पारिवारिक आर्थिकी को गीत में पिरोया है। गीत के माध्यम से उन्होंने यह भी बताया है कि ‘अर्श से फर्श’ तक पहुंचने में उन्होंने किस तरह की मुश्किलों का सामना किया।
गायककारों ने वीडियो सांग के जरिए युवा पीढ़ी को प्रेरित करने का काम भी किया है। जिसमें संदेश है कि सिर्फ डॉक्टर और इंजीनियरिंग का क्षेत्र चुनना ही जरूरी नहीं है, गायिकी और नृत्य के क्षेत्र से जुड़कर भी बेहतर जीवन यापन की बात कही गई है।
इन फिल्मों में गाए हैं नेहा ने गाने
ऋषिकेश। ऋषिकेश निवासी गायिका नेहा कक्कड़ ने बार-बार देखो, बदरीनाथ की दुल्हनिया, राब्ता, जुड़वा-2, वजह तुम हो, फुकरे रिटर्न्स, यारियां, कपूर एंड सन्स, भूमि, वेलकम टू बॉलीवुड, गब्बर इज बैक, पोस्टर ब्वाइज, हेड स्टोरी-3, रमाईया वस्तामईया, तुम बिन-2 आदि फिल्मों में गीत गए हैं।
सोनू ने इन फिल्मों से बिखेरा आवाज का जादू
ऋषिकेश। सोनू कक्कड़ ने जिस्म- 2, क्वीन, दम, मेरे डेड की मारुति, रिस्क, हीर आदि फिल्मों में गीत गाए हैं। जबकि भाई टोनी कक्कड़ ने मिले हो तुम हमको, सावन आया है, चांद मेरा नाराज है, न बात करे, ना मिलते हैं के अलावा, खफा महिया, वादा, जॉनी हो दफा, बेबी मेकअप करना छोड़ आदि गीतों से युवा दिलों में अपनी जगह बनाई है।