शहर में पनप गया डेंगू का लार्वा
हरिद्वार। शहर में डेंगू का लार्वा पनप चुका है। कनखल में जहां भी जांच की गई वहां पर लार्वा ही लार्वा मिला। इससे लगने लगा है कि यदि लोग नहीं संभले तो शहर में डेंगू कहर बरपाएगा। जबकि डेंगू के प्रति जिला और नगर स्वास्थ्य विभाग अभी तक लापरवाह है। जिला मलेरिया विभाग की टीम ने तो लार्वा ढूंढने और लोगों को जागरूक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।
शनिवार को जिलाधिकारी दीपक रावत ने कांवड़ मेला क्षेत्र में भ्रमण किया तो वे कनखल की कालोनियों में पानी, सीवर आदि की व्यवस्था देखने भी पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ज्ञान लोक कालोनी में इंदु एन्क्लेव में बने स्वीमिंग पूल को चेक किया तो वहां पर डेंगू का लार्वा मिला। लार्वा देखते ही उन्होंने सीएमओ डा. रविंद्र थपलियाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. प्रवीण कुमार को मय टीम के साथ बुला लिया। इसके बाद जिलाधिकारी समेत टीम लाठोवाली, चाकलान, थाना कनखल के आसपास के घरों में गई तो वहां पर घरों में कूलर, एसी, फ्रिज की ट्रे, गमले आदि में लार्वा मिला। जिस पर जिलाधिकारी ने सीएमओ और नगर स्वास्थ्य अधिकारी की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को जिला मलेरिया टीम को मैदान में उतारकर लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करने के लिए निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण
हरिद्वार। कांवड़ मेला समापन के बाद शनिवार को जिलाधिकारी दीपक रावत ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को क्षेत्रों में पसरी गंदगी और कूड़े का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कांवड़ मेला क्षेत्र में तथा बंगाली अस्पताल के आसपास की कालोनियों में सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग तथा नगर निगम को इन क्षेत्रों की सफाई करने तथा कीटनाशकों का छिड़काव कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभाग और अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेते हुए सभी मेला क्षेत्रों में सफाई कराने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम हरिद्वार तथा समस्त नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों को अपने क्षेत्रों में आज से ही सफाई अभियान चलाकर अगले दो दिनों के अंदर पूरी तरह सफाई कराने के लिखित आदेश दिए। जिलाधिकारी ने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत हरिद्वार जिला पंचायत क्षेत्र में सफाई अभियान चलाकर अपने क्षेत्रों को पूर्ण स्वच्छ बनाने के आदेश दिए। यही नहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार एवं समस्त एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान की मॉनिटरिंग करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को क्षेत्रों में अगले दो दिन के अंदर आवश्यकता अनुसार दवाइयों एवं गैमक्सीन का छिड़काव कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा इन क्षेत्रों में की जा रही सफाई व्यवस्था का निरीक्षण वह स्वयं आकर करेंगे।