पाबौ (पौड़ी)। ‘मिस्टर एंड मिस इंडिया-2017’ कंपीटिशन में पौड़ी के पाबौ ब्लॉक निवासी सागर भंडारी ने मिस्टर उत्तराखंड का खिताब जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। वह मिस्टर इंडिया कांटेस्ट में उत्तराखंड से टॉप पर आए हैं, जबकि ओवरआल कंपीटिशन में भी वह टॉप-15 में जगह बनाने में कामयाब रहे। सागर ने मुंबई से अमर उजाला से फोन पर बात कर अपने फालोअर्स का आभार जताया है।
प्रतियोगिता में सबसे कम उम्र के प्रतिभागी पाबौ के ग्राम कालौ निवासी सागर ने 10 नवंबर 2016 को चंडीगढ़ में ऑडिशन दिया था, जिसमें उनका चयन हुआ। इसके बाद अगले चरण में प्रतिभागियों को परफॉर्मेंस के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया। सागर ने बताया कि 22 से 28 जून को मुंबई में विभिन्न वर्गों में प्रतियोगिता हुई। स्टेट वाइज कंपीटिशन में उन्होंने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। इसमें करीब 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें उसे मिस्टर उत्तराखंड चुना गया। प्रतियोगिता के लिए देशभर के 90 शहरों में हुए ऑडिशन से करीब 350 प्रतिभागियों का चयन हुआ था। सागर के पिता जगमोहन सिंह भंडारी बेटे की इस उपलब्धि पर खुश हैं। सागर ने आठवीं से लेकर 12वीं तक पढ़ाई कोटद्वार के एसजीआरआर स्कूल से की। इस दौरान उन्होंने जिम ज्वाइन किया तो फिटनेस के बाद मॉडलिंग में जाने का मन हुआ। इसके बाद वह चंडीगढ़ अपने चाचा के पास चले गए और दो वर्ष से फिटनेस व मॉडलिंग में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। सागर ने बताया कि सेमीफाइनल और फाइनल राउंड पास करने के लिए परफॉर्मेंस के साथ-साथ सोशल साइट्स पर फॉलोवर्स की संख्या भी देखी गई। सागर ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज पर ‘सागर भंडारी पेज’ को फॉलो करने वाले उत्तराखंड के लोगों का आभार व्यक्त किया है। ब्यूरो