अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
रोडी बेलवाला में कांवड़ मेला के लिए दोपहिया वाहन पार्किंग का विवाद और गहरा गया है। सिंचाई विभाग के स्वामित्व की आरक्षित कुंभ मेला भूमि रोडी बेलवाला में बिना अनुमति के नगर निगम ने 29 जून को पार्किंग का ठेका दे दिया है। जबकि इसी स्थान पर सिंचाई विभाग 6 जुलाई को पार्किंग का ठेका देने जा रहा है।
सिंचाई खंड हरिद्वार के तत्कालीन अधिशासी अभियंता डीके सिंह ने जिलाधिकारी की बैठक में ही मेयर मनोज गर्ग को स्पष्ट कह दिया था कि सिंचाई विभाग की भूमि पर नगर निगम की दखलंदाजी नहीं नहीं चलेगी। जिलाधिकारी ने भी सिंचाई विभाग को ही कांवड़ मेले के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने को निर्देशित किया था। इसके बावजूद नगर निगम ने रोडीबेलवाला व सप्तसरोवर क्षेत्र को शामिल कर ठेका नीलाम कर दिया है। नगर निगम के अधिकारियों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना देना भी जरूरी नहीं समझा है। सिंचाई विभाग के अधिकारी भी अपनी भूमि पर पार्किंग का ठेका देने को लेकर अड़े हुए हैं। एक ही स्थान के दो ठेके होने से नगर निगम और सिंचाई विभाग आमने-सामने आ गए हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारी हाईकोर्ट तथा सिंचाई सचिव आनंदवर्द्धन के आदेश का हवाला देकर भूमि पर ठेका देने का अपना अधिकार मानते हैं।
मेयर के साथ दो मंत्रियों के लोग भी सक्रिय
सिंचाई विभाग के सूत्रों की माने तो कांवड़ मेला पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं के ठेकों को लेकर इस बार मेयर मनोज गर्ग की लॉबी तो सक्रिय है ही। इसके अलावा दो भारी भरकम मंत्रियों की लॉबी भी कांवड़ मेला पार्किंग का ठेका लेने को सक्रिय है।
हम तो सरकार का राजस्व देंगे
रोडी बेलवाला सिंचाई विभाग की भूमि है, इसलिए उस पर वाहन पार्किंग का ठेका देना हो या कोई अन्य कार्य करना हमारा अधिकार है। नगर निगम ने ठेका देने की कोई सूचना हमें नहीं दी है और न एनओसी ली है। अगर उन्होंने रोडी बेलवाला में बिना एनओसी के ठेका दिया है तो उसको निरस्त कराने के लिए नगर आयुक्त को पत्र भेजा जा रहा है। विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ ही जिलाधिकारी को भी हस्तक्षेप करने के लिए पत्र भेजा जा रहा है। 6 जुलाई को रोडी बेलवाला वाहन पार्किंग की नीलामी होनी है।
आरके तिवारी, अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड हरिद्वार।
नगर निगम ने ठेका दे दिया है
रोडी बेलवाला में दोपहिया वाहन पार्किंग का ठेका नगर निगम ने दे दिया है। यह कोई नई बात नहीं है। पहले नगरपालिका और अब नगर निगम ठेका दे रहा है। नगर निगम को ही कांवड़ मेले की सफाई, शौचालय, पथ-प्रकाश आदि की व्यवस्थाएं करनी होती है। इसलिए शहर में पार्किंग की व्यवस्था करना नगर निगम का अधिकार है। सिंचाई एवं जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की बैठक में भी वह इस बात को बता चुके हैं। इसके बावजूद अगर सिंचाई विभाग भी ठेका देने पर अड़ा रहता है तो देखा जाएगा।
मनोज गर्ग, मेयर नगर निगम हरिद्वार।