अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
शादी के महज एक माह बाद ही विवाहिता तब ठगी सी रह गई जब पता चला कि उसका शौहर पहले से ही शादीशुदा है। उसकी पांच साल की एक बेटी भी है। ससुराल पक्ष ने भी बेटे की इस करतूत पर पर्दा डालकर रखा। अब पीड़िता ने महिला हेल्प लाइन से न्याय की गुहार लगाई है।
मामला ज्वालापुर क्षेत्र का है। क्षेत्र के गांव सराय की रहने वाली एक युवती का निकाह दो माह पहले पास के ही गांव गाडोवाली के एक युवक से हुआ था। पेशे से कारपेंटर युवक ने खुद को अविवाहित बताया था। युवती के परिजन ने गांव सराय रोड पर बने एक होटल में धूमधाम से निकाह किया था।
एक माह बाद युवती तब हैरान रह गई जब पति की हकीकत सामने आई। पता चला कि उसका पति पहले से ही शादीशुदा है और उसकी पांच साल की एक बेटी भी है। पहली पत्नी सुभाषनगर में किराये के मकान पर रहती है। फिर पहली पत्नी तक भी दूसरी पत्नी के परिजन पहुंच गए, बात सही निकली।
अब पीडिता ने पति के खिलाफ महिला हेल्प लाइन का दरवाजा खटखटाया है। हेल्प लाइन प्रभारी कविता रानी ने बताया कि मामला उनके यहां आया है, काउंसिलिंग करा रहे है। उसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।