ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
मसूरी। जिलाधिकारी देहरादून सी रविशंकर ने रविवार को मसूरी में विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। जिलाधिकारी ने मसूरी-देहरादून मार्ग पर हो रहे जलभराव पर नाराजगी जताते हुए संबधित अधिकारियों को जल्द समस्या के समाधान के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर किए जा रहे कार्यों, पार्किग, स्वास्थ्य, यातायात और सीवरेज व्यवस्था की भी जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार जुलाई के अंतिम सप्ताह में मसूरी में प्रस्तावित 19 पर्वतीय राज्यों के मुख्यमंत्रियों के सेमिनार को लेकर जिलाधिकारी ने लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी के पोलो ग्राउंड के साथ ही मसूरी सवाय और जेडब्ल्यू मैरियट होटल का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को पार्किंग, पेयजल, यातायात और सीवरेज की समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मीडिया से वार्ता में बताया कि मानसून को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आपदा प्रबंधन के साथ ही राहत टीम को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि टीम के साथा आपदा प्रबंधन पर जल्द मॉकड्रिल किया जाएगा, जिससे कमियों को दूर किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मसूरी एसडीएम गोपाल राम बिनवाल, नगरपालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, शहरी विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।