ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
प्राइमरी स्कूल कुंजा में अतिरिक्त भवन की सीढ़ियां गिरने के मामले में शिक्षा विभाग एक्शन मोड में आ गया है। मामले में जिला शिक्षाधिकारी बेसिक राजेंद्र सिंह रावत ने उपखंड शिक्षाधिकारी से जांच रिपोर्ट तलब की है। डीईओ ने बताया कि जल्द ही स्कूल का निरीक्षण किया जाएगा। कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बीते शनिवार को स्कूल में मध्याह्न भोजन के समय स्कूल के अतिरिक्त भवन की सीढ़ियां भरभरा कर ढह गई थीं, जिसकी चपेट में आकर दो छात्राएं घायल हो गई थीं। जिनमें से एक को गंभीर हालत होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया था, जिसका देहरादून स्थित श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद से ही स्कूल में अतिरिक्त भवन के निर्माण कार्य पर सवाल खड़ होने लगे हैं। वर्ष 2013 में स्कूल परिसर में इस भवन का निर्माण किया गया था। भवन का हैंडओवर लेते समय तकनीकी टीम और विभागीय अधिकारियों ने भी इस बात पर ध्यान नहीं दिया। स्कूल में 118 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।
----------------------------------
खतरे से बाहर है छात्रा की हालत
हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा प्रिया (9) पुत्री राजेश का वर्तमान में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल देहरादून में इलाज चल रहा है। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका शशि मुयाल ने बताया कि छात्रा के हंसली की हड्डी में हल्की चोट लगी है।