ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। बारिश के बाद नाले में पानी बढ़ने से हाल ही में बने शांति विहार (रायपुर) स्थित पुल की नींव खोखली हो गई। बुनियाद बहने से पुश्ते के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। इससे पुल के ढहने की भी संभावना बढ़ गई है। नाले से सटे आवासीय भवनों और दुकानों को भी खतरा हो गया। इससे भयभीत एक परिवार अपना घर छोड़कर रिश्तेदारों के पास चला गया है। प्रशासन और विधायक के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
रायपुर रोड पर शांति विहार चौक स्थित नाले में बरसात के दौरान अक्सर पानी बढ़ जाता है। इससे यातायात थमने के साथ ही लोगों के घरों व दुकानों भी पानी भर जाता था। इस पर कुछ समय पूर्व यहां पुल का निर्माण किया गया। हालांकि पुल बनाने के बाद आसपास की दुकानों व आवासीय भवनों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए। बारिश के बाद नाले में पानी बढ़ने से मिट्टी का कटान तेजी से हुआ और पुल के पुश्ते की नींव का बड़ा हिस्सा बह गया। इससे जमीन और पुश्ते के बीच खोखली जगह बन गई है। लोनिवि कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने लोहे के पट्टे और बल्लियां लगाकर किसी तरह पुश्ते को ढहने से बचाया है। लेकिन, तेज बारिश होने पर पुल के ढहने की संभावना जताई जा रही है। बृहस्पतिवार को विधायक उमेश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और विभागीय अधिकारियों को सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश दिए। उसके बाद लोनिवि की टीम ने वहां पुश्ते की नींव भरने और सुरक्षा दीवार बनाने का काम शुरू किया।