ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। एक वाहन मालिक से 26 जून को दो हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में परिवहन विभाग में तैनात महिला कर्मचारी देवेश्वरी भंडारी को आरटीओ डीसी पठोई ने बृहस्पतिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही निलंबित महिला कर्मी को एआरटीओ विकासनगर कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
आरटीओ कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी देवेश्वरी भंडारी को वाहन मालिक से दो हजार रुपये बतौर रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद कर लिया गया था। प्रकरण उजागर होने पर आरटीओ ने इसकी जांच एआरटीओ अरविंद पांडे को सौंपी थी। एआरटीओ ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई तो महिला कर्मचारी की करतूत उजागर हुई। जांच के दौरान कार्यालय में तैनात कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी महिला कर्मचारी ने एक वाहन का 26 जून को चालान किया था। उसके बाद मार्ग कर शाखा में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर संबंधित वाहन मालिक के कार्य कराए थे। जांच रिपोर्ट के बाद आरटीओ डीसी पठोई ने आरोपी महिला कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एआरटीओ प्रशासन अरविंद पांडे ने बताया कि पूरी पारदर्शिता से काम हो इसके लिए कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।