ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
सरकारी गूल पर कब्जे को मुक्त कराने को सिंचाई विभाग केवल नोटिस देकर भूल गया। अब तक गूल को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। आसपास के लोग जलभराव से परेशान हुए तो एडीएम ने सिंचाई विभाग को नोटिस की याद दिलाई और अब तक की कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।
कुछ दिन पहले नेहरू ग्राम इलाके के लोगों ने क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा काऊ के साथ मिलकर सरकारी गूल पर कब्जे की शिकायत प्रशासन को की थी। आरोप है कि इस पर ऊषा असवाल नाम की महिला का कब्जा है, जिसे उन्होंने अपने मकान की चारदीवार में ले लिया है। इस मामले में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामजीशरण शर्मा ने स्थानीय पुलिस को स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसी बीच पता चला कि सिंचाई विभाग ने भी इस गूल के संबंध में फरवरी में ऊषा असवाल को नोटिस दिया था, लेकिन अब तक इसमें कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब एडीएम प्रशासन ने सिंचाई विभाग को पत्र भेजकर इस नोटिस के सापेक्ष कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।