सभी जिलों में शिक्षकों को कार्यमुक्त करने पर रोक
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। सचिव शिक्षा डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम के आदेश पर सभी जिलों ने तीन श्रेणी के शिक्षकों को कार्यमुक्त करने पर रोक लगा दी है। निदेशालय की ओर से सभी जिलों को इसके आदेश जारी किए गए, जिसके बाद बृहस्पतिवार को शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं किया गया।
बिना प्रतिस्थानी एकल विद्यालय, सीमांत जिलों में बिना प्रतिस्थानी और दुर्गम में रहने के इच्छुक शिक्षकों के तबादले स्थगित करने के मामले में बृहस्पतिवार को शिक्षा निदेशक आरके कुंवर ने दोनों मंडल और सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने दोनों मंडलों के अपर निदेशक और सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों को कार्यमुक्त न करने के आदेश दिए। इसके बाद अल्मोड़ा समेत कई जिलों ने तीन जुलाई के बाद शिक्षकों को कार्यमुक्त करने पर रोक लगा दी।
इससे पहले मंगलवार रात हुई बैठक में ऐसे सभी शिक्षकों के तबादले स्थगित करने पर सहमति बनी थी। इसके बाद बुधवार को सचिव शिक्षा डा. आर मीनाक्षी सुंदरम ने आदेश जारी कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निदेशक आरके कुंवर ने बताया कि शासन के आदेश पर तबादले स्थगित कर दिए गए हैं। अन्य श्रेणियों में जिन शिक्षकों के तबादले हुए हैं, उन पर इस आदेश का कोई असर नहीं रहेगा।