ग्रामीणों ने आधी रात को बिजली घर पर काटा हंगामा
- आधी रात को बत्ती गुल होने से गुस्साए ग्रामीण ने हरबर्टपुर बिजली घर का किया घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
विकासनगर। पछवादून में शुक्रवार आधी रात को बत्ती गुल होने से गुस्साए ग्रामीणों ने रात में ही हरबर्टपुर बिजली घर का घेराव कर जमकर हंगामा काटा। हंगामा बढ़ता देख ऊर्जा निगमकर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराया, जिसके बाद ग्रामीण बिजली घर से वापस लौटे।
हरबर्टपुर बिजली घर में तकनीकी खराबी आने से मुख्य शहर सहित जमनीपुर, बैरागीवाला गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात 11 बजे बाधित हुई विद्युत आपूर्ति के एक बजे तक बहाल नहीं होने से गुस्साए जमनीपुर के ग्रामीणों ने बिजली घर पर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान ऊर्जा निगम कर्मचारियों की ओर से उन्हें बिजली घर में आई तकनीकी खराबी को ठीक की जानकारी दी गई, लेकिन ग्रामीणों का हंगामा जारी रहा और निगमकर्मियों से तीखी नोकझोंक होने लगी। ग्रामीणों का आरोप था कि निगमकर्मी गर्मी के मौसम में भी बिजली आपूर्ति बहाल रखने में लापरवाही कर रहे हैं। रात और दिन कई घंटे की बिजली कटौती की जा रही है।
उधर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि बिजली घर में आई तकनीकी खराबी दूर कर देर रात बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।