जर्जर बादामावाला मार्ग बना परेशानी का सबब
- पिछले पांच वर्षों से नहीं हुआ मार्ग का सुधारीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
विकासनगर। कोतवाली बाईपास से होकर गुजरने वाले बादामावाला संपर्क मार्ग की पिछले पांच वर्षों से मरम्मत नहीं होने के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधीन इस मार्ग का सुधारीकरण करने के लिए कोई भी जिम्मेदार कार्रवाई नहीं कर रहा है। इस मार्ग का कुछ हिस्सा नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जबकि कुछ हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र में पड़ता है।
कोतवाली बाईपास से बादामावाला के लिए करीब चार किमी लंबे मार्ग का निर्माण किया गया था। इस मार्ग से बादामावाला, उदियाबाग के ग्रामीणों के साथ ही हनुमदधाम जाने वाले श्रद्धालु और हनुमदधाम मार्ग पर बने आवासीय भवनों में रहने वाले लोग आवागमन करते हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग से हर रोज आवाजाही करते हैँ। मार्ग पर बने गड्ढे और उखड़ी पेंटिंग लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। इसके अलावा बरसात शुरू होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी।
स्थानीय निवासी रामकुमार, शमशेर सिंह, प्रवीन सक्सेना, सुनिधि शर्मा, बीबीता नेगी, संगीता बिजल्वाण ने बताया कि लोक निर्माण विभाग से कई बार मार्ग के सुधारीकरण की गुहार लगाई जा चुकी है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं होती है। सिर्फ आश्वासन दिया जाता है। उधर, लोक निर्माण विभाग साहिया के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने कहा कि बरसात से पूर्व सभी संपर्क मार्गों का सुधारीकरण कार्य करा दिया जाएगा।