ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
राजावाला पंचायत के पौड़वाला में सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। क्षेत्र में बिजली, पानी की समस्या का निदान नहीं होने पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का निदान प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को प्रशासनिक अमले के साथ पौड़वाला पहुंचे विधायक सहदेव पुंडीर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका प्राथमिक कार्य भी याद दिलाया। ग्रामीणों ने गांव में पिछले कई वर्षों से चली आ रही लो वोल्टेज और झूलते तारों की समस्या बताई। कहा कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन निगम अधिकारी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। विधायक ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाने और नई बिजली लाइन बिछाने के निर्देश दिए।
चौपाल में ग्रामीणों ने जल संस्थान द्वारा टोंटी के आधार पर बिल वसूले जाने और पेयजल की अनियमित आपूर्ति की समस्या से भी विधायक को रूबरू कराया। इस पर जल संस्थान के अधिकारियों ने मालढुंग जलाशय से नई पेयजल लाइन बिछाने और मीटर के आधार पर बिल वसूली का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान ऊर्जा निगम के एसडीओ मुकेश कुमार, जल संस्थान के एसडीओ एपी सिंह, लोनिवि के एसडीओ एमएमएस पुंडीर, अवर अभियंता ऊषा भंडारी, सुखदेव फर्सवाण, यशपाल नेगी, मनीषा गुसाईं, संदीप कुमार, धनेश्वरी, रोशनी, सुनीता आदि मौजूद रहे।