ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
विकासनगर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से डाकपत्थर बैराज मैदान में बृहस्पतिवार से चार दिवसीय क्रिकेट टूूर्नामेंट की शुरुआत हुई। टूर्नामेंट का पहला मैच दिल्ली और मुरादाबाद के बीच खेला गया। इसमें दिल्ली ने मुरादाबाद को 100 रन से हरा दिया।
दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। दिल्ली टीम के रचित काला ने 35 गेंदों पर 85, माधव गुप्ता 54 और सौरभ ने 23 रन बनाए। दिल्ली की टीम ने निर्धारित ओवरों में 224 रनों का स्कोर खड़ा किया। मुरादाबाद के अमन दो और वंश ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुरादाबाद की टीम 124 रनों पर ही ढेर हो गई। इसमें अमन ने 25, सक्षम ने 19 और यश ने 17 रनों का योगदान दिया। दिल्ली की ओर से सक्षम शाह ने चार और जगन्नाथ ने तीन विकेट लिए। इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन ग्राम प्रधान सुबोध गोयल ने किया। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव तरुण कुमार, संजय गुप्ता, चंदर, संदीप, गौरव, आरव चौधरी, आकाश, मनिंदर, आयुष, तनिश, अमित आदि मौजूद रहे।