तनाव से मुक्ति और स्वस्थ रहने के लिए करें योग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यूजेवीएनएल मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय योग शिविर का शनिवार को समापन हो गया। हेल्थ एंड हेल्थ रिफार्म्स, योगा एंड नेचर केयर सेंटर की तरफ से आयोजित शिविर में यूजेवीएनएल के अधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों को योग की जानकारी देने के साथ ही योगासन सिखाए गए।
दो दिवसीय योग शिविर के दूसरे दिन योगाचार्य डॉ. विवेक अग्रवाल, गौरव खेड़ा, आचार्य विपिन व योगाचार्य मनोज कुमार गुप्ता ने अधिकारियों, अभियंताओं व कर्मचारियों को योगासनों के बारे में बताया और उनसे होने वाले लाभों की जानकारी दी। इस दौरान योगाचार्याें ने सूर्य नमस्कार, प्रझासन, वीरासन, नटराजासन, त्रिकोणासन, नौकासन, मार्जरी आसन, प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही कार्यालय में कुर्सी पर बैठकर किए जा सकने वाले आसनों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक एसएन वर्मा ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग व प्राणायाम को अपनाकर तनाव से मुक्ति पाने के साथ ही खुद को स्वस्थ रखा जा सकता है। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों, अभियंताओं से आह्वान किया कि वे योग को दिनचर्या में शामिल करें। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में सीखे गए विभिन्न आसनों से कर्मचारियाें को अपनी कार्यक्षमता एवं दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
शिविर समापन के मौके पर निदेशक मानव संसाधन डॉ. अविनाश चंद्र जोशी, महाप्रबंधक राजेंद्र सिंह, हरप्रसाद, विवेक आत्रेय, उप महाप्रबंधक आशीष जैन, सीपी दिनकर, राकेश चौहान, जीत सिंह, राजेश मैखुरी, मिहिर पांडे, राजेश यादव के अलावा तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।