अब पुरानी तहसील में पेंशन का सत्यापन करेंगे लेखपाल
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। अब पेंशन सत्यापन कराने के लिए वृद्धों, विधवाओं और दिव्यांगों को राजीव गांधी कांप्लेक्स की चौथे मंजिल पर चढ़ने से निजात मिलेगी। पेंशनरों की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्णय लिया है कि मंगलवार और शुक्रवार को सभी क्षेत्रों के लेखपाल पुरानी तहसील में बैठकर पेंशन का सत्यापन करेंगे। इसके लिए जल्द आदेश जारी कर दिए जाएंगे। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
सरकार की ओर से समाज कल्याण विभाग व प्रोबेशन विभाग की मार्फत दिव्यांगों, वृद्धों और विधवाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती है। कोई फर्जीवाड़ा कर पेंशन न ले ले इसलिए हर साल लेखपाल भौतिक सत्यापन करते हैं। इसके लिए राजीव गांधी कांप्लेक्स की चौथी मंजिल पर स्थित सदर तहसील में पहुंचने में पेंशनरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई सहाय तो ऐसे होते हैं जिन्हें परिजन गोद में या पीठ पर लादकर ऊपर ले जाते हैं। ऐसे में पेंशनरों में रोष रहता है।
कोट:::
पेंशन का सत्यापन कराने आ रहे वृद्धों और दिव्यांगों की परेशानियों को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि लेखपाल पुरानी तहसील में बैठकर सत्यापन करेंगे। इसके लिए जल्द आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
- एसए मुरूगेशन, जिलाधिकारी