ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
निर्धारित वेतन से कम भुगतान मिलने पर बीएसएनएल के संविदाकर्मियों ने शनिवार को कार्यालय के गेट के बाहर प्रदर्शन कर आक्रोश प्रकट किया। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
क्रॉस रोड मॉल स्थित बीएसएनएल के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन में संविदाकर्मी प्रदीप ने कहा कि कई साल से निर्धारित वेतन से कम वेतन दिया जा रहा है। कम वेतन मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। इसके अलावा बीते 15-16 माह से ईपीएफ की राशि भी जमा नहीं नहीं हो रही। इसकी शिकायत लगातार प्रबंधन से की जा रही है। बावजूद इसके अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। इससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द नियमानुसार भुगतान नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर विक्रम, चरण सिंह तोमर, दीपक कश्यप, मनोज ध्यानी, धीरज, आशीष भंडारी, मनोज, श्याम, विनोद कुमार समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।