ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
नगर पालिका क्षेत्र से लगे दुर्गा मंदिर-भोजावाला मार्ग पर गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। मार्ग की उखड़ी पेंटिंग से कई बार दोपहिया वाहन चालक और राहगीर गिरकर घायल हो चुके हैं। थोड़ी सी बारिश में गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके मार्ग सुधारीकरण के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
विकासनगर कस्बे को भोजावाला, मेहूवाला के साथ ही नगर पालिका क्षेत्र के दुर्गा विहार, एनफील्ड सहित आधा दर्जन बस्तियों को आपस में जोड़ने वाला दुर्गा मंदिर-भोजावाला मार्ग लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। ग्रामीण बस्तियों का मुख्य संपर्क मार्ग होने के कारण इस मार्ग से हर दिन सैकड़ों ग्रामीण छोटे वाहनों से आवागमन करते हैं। साथ ही मार्ग पर भीड़भाड़ नहीं होने से सुबह शाम घूमने के लिए भी लोग इसी मार्ग पर निकलते हैं, लेकिन पिछले लंबे समय से मार्ग का सुधारीकरण नहीं होने से लोगों के लिए मार्ग पर आवागमन मुश्किलों भरा साबित हो रहा है।
स्थानीय निवासी रामप्रकाश, रविता, सुलोचना, प्रतीक कुमार, रमेश कुमार आदि ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन से कई बार मार्ग के सुधारीकरण की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उधर, लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने बताया कि बरसात से पूर्व सभी मार्गों पर पेंचिंग कार्य कराया जाएगा।