ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सेलाकुई। औद्योगिक क्षेत्र से ट्रकों में माल लदान एवं ढुलान को लेकर बुधवार को एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी की मध्यस्थता में हुई पछवादून ट्रक ओनर वेलफेयर एसोसिएशन एवं उत्तराखंड इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक बेनतीजा रही। बैठक में माल ढुलान को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई है। अब 24 जून को इंडस्ट्रियल एरिया सेलाकुई बैठक होगी।
सेलाकुई में माल लदान एवं ढुलान को लेकर ट्रक और फैक्ट्री मालिकों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई है। फैक्ट्री मालिकों का आरोप है कि स्थानीय ट्रक मालिकों द्वारा माल ढुलान का रेट अधिक लिया जाता है। जबकि, बाहर के ट्रक यही काम कम रेट पर कर रहे हैं। वहीं, ट्रक मालिकों का आरोप है कि माल ढुलान में फैक्ट्री मालिकों की ओर से उनकी अनदेखी की जा रही है। उन्हें काम न देकर बाहर के ट्रकों से काम लिया जा रहा है। कहा कि यदि रेट को लेकर कहीं कोई दिक्कत है तो उसे दूर किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में किसी भी वाहन संचालक के साथ अभद्रता एवं मारपीट न की जाए, न ही जबरन गाड़ी को रोका जाए। वहीं भविष्य में औद्योगिक इकाइयों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर स्थानीय ट्रक संचालकों को रोजगार प्रदान करने के अवसर दिए जाए। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी, सहसपुर थानाध्यक्ष विजय सिंह, उत्तराखंड इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मारवाह, पूर्व सचिव उत्तराखंड इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन महेश शर्मा, अध्यक्ष सेलाकुई पछवादून ट्रक वेलफेयर एसोसिएशन मोहम्मद हारून, सचिव ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन देहरादून राजेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
--------------------
ट्रक और फैक्ट्री मालिकों की अब 24 जून को बैठक होगी। बैठक में दोनों ओर से पांच-पांच लोग शामिल होंगे और रेट को लेकर जो विवाद है उसका निस्तारण करेंगे। प्रशासन की ओर से बैठक की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
- गुलफाम, पूर्व सचिव, सेलाकुई पछवादून ट्रक वेलफेयर एसोसिएशन