ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कालसी। लोक पंचायत जौनसार बावर 22 जून से खत विशायल के सिमोग में दो दिवसीय कार्यकर्ता शिविर आयोजित करेगी, जिसमें परगने के सरकारी नौकरीपेशा लोग और लोक पंचायत के सदस्य युवा पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने के लिए ‘आओ लौट चलें गांव’ अभियान की शुरुआत करने पर मंथन करेंगे।
कोटी कॉलोनी में आयोजित बैठक में शिविर के संयोजक शांति चौहान ने बताया कि सिमोग में लगने वाले शिविर का उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से अवगत कराते हुए गांवों से जोड़े रखना है। बताया कि जौनसार बावर परगने की अनूठी संस्कृति, सामूहिक जीवन पद्धति और आपसी भाई चारे के लिए जानी जाती है। बताया शिविर में युवाओं को स्थानीय परंपराओं, रीति रिवाजों के साथ ही परगने में मनाए जाने वाले त्योहारों के धार्मिक, ऐतिहासिक महत्व की जानकारी मुहैया कराई जाएगी, जिससे युवा मूल संस्कृति से जुड़े रह सके। शिविर के सह संयोजक अरविंद शर्मा एवं मंजीत चौहान ने बताया कि शिविर ग्रामीण परिवेश में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शामिल होने वाले युवाओं केे भोजन में पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। समापन पर गांवों में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान लोक गायक सीताराम चौहान, श्रीचंद शर्मा, खजान सिंह, बलवीर सिंह, रमेश चौहान, श्याम सिंह, संतराम चौहान, विक्रम शर्मा, रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।