ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
डीबीएस पीजी कॉलेज में नया अकादमिक ब्लॉक बनेगा। लाइब्रेरी में 15 लाख रुपये की किताबें खरीदीं जाएंगी। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत कॉलेज को दो करोड़ रुपये मिल गए हैं। साथ ही शासन ने सभी निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी भी जीएमवीएन को दे दी है।
रूसा के तहत अभी तक प्रदेश में सरकारी महाविद्यालयों के अलावा केवल एसजीआरआर पीजी कॉलेज को बजट मिल रहा था। अब डीबीएस कॉलेज को भी रूसा में शामिल करते हुए दो करोड़ रुपये जारी हुए हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीसी पांडेय ने बताया कि रूसा के तहत मिले इस बजट में से एक करोड़ रुपये की लागत स कॉलेज में नया अकादमिक ब्लॉक बनाया जाएगा। 40 लाख रुपये से कॉलेज की इमारत का रेनोवेशन किया जाएगा। साथ ही लाइब्रेरी में 15 लाख रुपये कीमत की किताबें जल्द आ जाएंगी। कॉलेज की प्रयोगशालाओं में भी 25 लाख रुपये के उपकरण मंगाए जाएंगे। रूसा से ग्रांट मिलने के बाद नए सत्र से पढ़ने वाले छात्रों को इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
----
जल्द आएगी नैक की टीम
डीबीएस पीजी कॉलेज में नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रिडिएशन काउंसिल (नैक) की टीम आएगी। इसके लिए कॉलेज ने तैयारी पूरी कर ली है। वर्तमान में कॉलेज को नैक से बी प्लस ग्रेड मिला हुआ है।