ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
साहिया। खत सिलगांव के पंचरा भंजरा स्थित महासू चालदा महाराज की पालकियां मंगलवार को रात्रि प्रवास पर मलोग गांव पहुंचीं। देव पालकियों के पहुंचने पर गांव में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा गांव जयकारों से गूंज उठा। इस मौके पर लोगों ने देव दर्शन कर खुशहाली की मन्नत मांगी।
मलोग गांव की प्रधान छुमा देवी, बलियाराम, जीत सिंह, कातकु राम, साधुराम, अजब सिंह, धनीराम आदि के अनुसार उनके पूर्वजों ने देवता से सुख शांति एवं अच्छी फसल की पैदावार की कामना की थी। मन्नत पूरी होने पर मंगलवार को गांव के सात परिवारों ने पंचरा भंजरा स्थित महासू मंदिर से बोठा महासू और चालदा महासू देवता की दोनों पालकियां अपने घर आमंत्रित कीं। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद दोपहर दो बजे देव पालकियां पंचरा भंजरा मंदिर से मलोग गांव के लिए रवाना हुईं, जो शाम चार बजे गांव में पहुंचीं।
इस मौके पर मंदिर के पुजारी भोपाल दत्त शर्मा, प्रताप सिंह, लायक राम, लाल सिंह चौहान, सूरत सिंह, दिगंबर सिंह, मोहर सिंह, तुलसी राम, दाता राम, कृपाराम शर्मा आदि मौजूद रहे।