ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नंदा देवी निर्धन दिव्यांग कल्याण एसोसिएशन ने सोमवार को मेयर को ज्ञापन देकर वेंडिंग जोन में दिव्यांगों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। दिव्यांगों का कहना है कि दो साल बाद भी नगर निगम की ओर से फल-सब्जी मंडी में जगह उपलब्ध नहीं कराई गई है।
प्रदेश अध्यक्ष बसंत थपलियाल के नेतृत्व में बेरोजगार दिव्यांग सोमवार को धरनास्थल पर एकत्र हुए। दिव्यांग नेहरू कॉलोनी स्थित एलआईसी तथा लालपुल के पास सब्जी मंडी, इन्दिरेश अस्पताल, इंद्रानगर सीमाद्वार के वेंडिंग जोन में 20 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे थे। इसके अलावा सहायकों को भी लाइसेंस जारी करने की मांग की। थपलियाल ने कहा कि 100 दिव्यांगों की सूची नगर निगम में जमा करा दी गई है। इसके बाद दिव्यांगों ने मेयर सुनील उनियाल गामा को ज्ञापन दिया। मेयर ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर शफीकुर रहमान, सत्यपाल थलवाल, ललित कुमार, अशोक कुमार, अब्दुल रहमान, उमेश ग्रोवर, उपेंद्र पंवार, योगेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।