ब्यूरो,अमर उजाला/विकासनगर
चकराता। इंद्रोली और जाड़ी स्थित मां काली के मंदिर में जेठ माह के अंतिम रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जौनसार बावर सहित रवाईं, जौनपुर, हिमाचल एवं गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर मन्नतें मांगीं। चकराता निवासी सुनील कुमार जैन ने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की थी।
चकराता के इंद्रोली और जाड़ी में मां काली के पौराणिक मंदिर हैं। जेठ माह में आने वाले हर रविवार को मंदिर में पूजा करने को अत्यंत शुभ माना गया है। मंदिर से लोगों की आपार आस्था जुड़ी हुई है। जेठ माह के पहले, दूसरे और तीसरे रविवार को भी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े थे। अंतिम रविवार को सुबह हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन को पहुंचे। शनिवार देर शाम से ही श्रद्धालुुओं का आना शरू हो गया था। भक्तों ने मंदिर में मत्था टेका व मां काली से जीवन में सुख एवं समृद्धि की कामना कर मन्नतें मांगीं। इस मौके पर इंद्रोली गांव में काली मंदिर समिति ने भंडारे का आयोजन किया। भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीणों ने मंदिर को आकर्षक तौर पर सजाया हुआ था। सुबह से ही मंदिर में दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू हो गया था। श्रद्धालुुओं ने भी माता के भजन गाए और जय माता दी का उद्घोष किया। वहीं जाड़ी स्थित मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन को उमड़े।
इस दौरान हरमोहन, आनंद, केशर चौहान, नैन सिंह राणा, हरबंश कुकरेजा, मंदिर के वजीर टीकम सिंह, भंडारी खजान सिंह, ठाणी केशर सिंह, साकेत, गीताराम शर्मा आदि मौजूद रहे।