ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
चकराता। आदर्श ग्राम विकास संगठन की ओर से वीर शहीद केसरी चंद के क्यावा गांव में शनिवार को दो दिवसीय ग्रामोत्सव की शुरुआत हुई। सुबह मंदिर में पूजा अर्चना और हवन के बाद ग्रामीणों ने पंचायती आंगन में लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। साथ ही युवाओं को लोक संस्कृति से रूबरू कराया।
ग्रामोत्सव में हिस्सा लेने के लिए रोजगार के चलते गांव से बाहर रहने वाले लोग भी पहुंचे। ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों पर लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इससे पूर्व ग्रामीणों ने बोइदावणो की रस्म निभाते हुए एक दसूरे को अपने घरों में आमंत्रित कर स्वागत सत्कार किया। साथ ही युवा पीढ़ी को पारंपरिक स्वागत सत्कार की परंपरा से अवगत कराया। प्रस्तुतियों की शुरुआत महासू वंदना से हुई। इसके बाद ग्रामीण महिला-पुरुषों ने मोड़े रे मोड़ाइए खेले मोड़ाई... हारुल गाई। महासू देवता की हारुल पर शानदार नृत्य किया गया। क्षेत्र के पारंपरिक जूडो नृत्य के दौरान ग्रामीणों ने तलवारबाजी के हैरतअंगेज करतब दिखाए। साथ ही डांगरा नृत्य, तांदी, झैंता, रासों लोकगीतों पर दिन भर लोकनृत्यों का दौर चला। रात को पंचायती आंगन में सामूहिक भोज के बाद मंडावणा पर पांडव नृत्य किया गया।
इस दौरान टीकाराम शर्मा, शास्त्री मिल्कीराम जोशी, सचिन जोशी, चंद्रशेखर, ग्यारु दत्त शर्मा, मायादत्त जोशी, कला जोशी, सुधा, नारो देवी, रीता जोशी, अनीता, भगत राम जोशी आदि मौजूद रहे।