ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
कालसी तहसील क्षेत्र के खाड़ी गांव निवासी हिमांशु तोमर शनिवार को ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी बोधगया (बिहार) में हुई पासिंग आउट परेड के बाद सेना में बतौर लेफ्टिनेंट शामिल हुए। एकेडमी में कड़ा प्रशिक्षण लेने के बाद शनिवार को परिजनों ने उनके कंधे पर सेना के तमगे लगाए। हिमांशू के सेना में अधिकारी बनने पर जौनसार बावर के लोगों में खुशी है।
पंजाब नेशनल बैंक चकराता में बतौर प्रबंधक तैनात केदार सिंह तोमर और गृहणी कृष्णा तोमर के बेटे हिमांशु ने प्रारंभिक शिक्षा सेंट मैरीज स्कूल विकासनगर से ली। इसके बाद उन्होंने दून इंटरनेशनल स्कूल देहरादून से इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की। बचपन से ही साहसिक खेलों की ओर आकर्षित रहने वाले हिमांशु ने हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद से ही भारतीय सेना में बतौर अधिकारी शामिल होने के लिए मेहनत करनी शुरू कर दी थी। इंटर के बाद उन्होंने एनडीए की परीक्षा उत्तीर्ण कर सेना में शामिल होने का सपना पूरा किया। शनिवार को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उनके परिजनों ने उन्हें लेफ्टिनेंट के तमगे पहनाए। हिमांशु अपने परिवार के पहले युवा हैं, जो सेना में बतौर अधिकारी शामिल हुए हैं।