ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. रवि कांत ने केदारनाथ धाम में सिक्स सिगमा मेडिकल हाई एल्टीट्यूड सर्विसेज के 10 बेड के अस्पताल का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल में वह सभी आधुनिकतम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं जो एक हाई एल्टीट्यूड एरिया के लिए आवश्यक हैं। अनुबंध के तहत एम्स ने हाई एल्टीट्यूड मेडिकल केयर विशिष्ट यूनिट अस्पताल में सभी विभागों के चिकित्सक आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध कराए हैं। अस्पताल में गंभीर मरीजों का इलाज, एमआरआई, सीटी स्कैन तथा अन्य किसी तरह के ऑपरेशन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सबसे अधिक दिक्कत सांस एवं हृदय से संबंधित मरीजों को होती है। इसके लिए एम्स संस्थान की ओर से आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की चारों धामों में उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। निदेशक ने बताया कि एम्स की ओर से संस्था को हरसंभव पैरामेडिकल व मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। उक्त चिकित्सकीय टीम आवश्यक दवाओं एवं एडवांस उपकरणों से लैस होगी। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन आरके भारद्वाज, डॉ. प्रदीप भारद्वाज, डिप्टी डायरेक्टर अनीता भारद्वाज, भीम बहादुर, आशीष शर्मा, भरत शर्मा, देवजीत नायक, शुभम कुमार, डॉ. रोजी जैन, अमित रावत, डॉ. विनायक, रोहित भारद्वाज, अजय शर्मा, शुभम कुमार, भुवनेश्वर कुमार शर्मा, हेमेंद्र कुमार वर्मा, विजय कुमार, मीनू भारद्वाज आदि मौजूद रहे।