ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
ऊर्जा कामगार संगठन के बैनर तले उत्तराखंड जल विद्युत निगम यमुना वैली में कार्यरत उपनल कर्मचारियों की डाकपत्थर स्थित मनोरंजन क्लब द्वितीय में बैठक संपन्न हुई। इस दौरान समान काम, समान वेतन की मांग की गई। बैठक में ऊर्जा कामगार संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष राकेश शर्मा को इंटक का राष्ट्रीय महामंत्री चुने जाने पर उनका सम्मान किया गया।
रविवार को संपन्न हुई बैठक में ऊर्जा कामगार संगठन के उपाध्यक्ष विकास पुंडीर ने कहा कि सुुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्णय के बाद भी उपनल कर्मचारियों को उनका हक नहीं दिया जा रहा है। कहा कि उपनल कर्मचारियों को श्रम कानूनों के मानकों से कम मानदेय दिया जा रहा है। पिछले दस वर्षों से अधिक समय से काम कर रहे कर्मचारियों के सामने परिवार के भरण पोषण की समस्या पैदा हो गई है। इंटक के नव नियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री राकेश शर्मा ने कहा कि जब तक उपनल कर्मचारियों का समान वेतन के साथ ही नियमितीकरण नहीं किया जाता तब तक वरिष्ठता के आधार पर वेतन वृद्धि, नियमित कार्मिकों के समान उत्पादन बोनस, बिजली सुविधा, रात्रि भत्ता, कंप्यूटर भत्ता दिया जाना चाहिए।
इस दौरान नागेंद्र प्रसाद, पंकज रावत, जॉनी गुलेरिया, पूरण रावत, शांति, संतराम, रियासत, अब्दुल, संजय, संदीप आदि मौजूद रहे।