ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
ब्लॉक के दूरस्थ बिन्हार क्षेत्र के राजकीय हाईस्कूल मदर्सू का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहने पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने प्रधानाचार्य आरपी अग्रवाल और विद्यालय की टॉपर्स छात्राओं कल्पना, मनीषा और रवीना को सम्मानित किया। विधायक रविवार को मदर्सू में शुरू हुई विशाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे।
उन्होंने छात्र-छात्राओं बताया कि मौजूदा समय प्रतियोगिताओं का है। ऐसे में पूरी तन्मयता के साथ शिक्षा ग्रहण करने के साथ ही अनुशासन प्रिय होना भी बहुत जरूरी है। क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति का विकास करना और ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच मुहैया कराना भाजपा सरकार की प्राथमिकता में शुमार है। विद्यालय के प्रधानाचार्य आरपी अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय परिवार से बाहर अन्य संस्थाओं एवं जन प्रतिनिधियों द्वारा छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा, सीडीओ जेएस रावत, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र, डॉ. केके शर्मा, डॉ. अमित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।