ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
मेकिंग ए डिफरेंस बाई बीइंग द डिफरेंस (मैड) संस्था की ओर से रविवार को मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में 10 हजार लोगों ने प्लास्टिक का प्रयोग न करने और पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए दौड़ लगाई। मैराथन में युवक वर्ग में मुनेश कुमार और महिला वर्ग में राधा अव्वल रहीं।
मैड संस्था के 8वें स्थापना दिवस पर रविवार को छह दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पहले चरण में परेड ग्राडंट से आयोजित मैराथन का शुभारंभ डीजीपी अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में सामाजिक कर्तव्यों का अहसास होना जरूरी है। यदि हर नागरिक अपने कर्तव्य को बखूबी समझे तो निश्चित रूप से स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का बहिष्कार करने की अपील की। मैराथन ईसी रोड, आराघर, रेसकोर्स होतेे हुए वापस परेड ग्राउंड में संपन्न हुई।
अध्यक्ष करन ने बताया कि सोमवार को सामाजिक संगठनों के साथ रिस्पना हेरिटेज वॉक और सफाई अभियान चलाया जाएगा। मंगलवार को आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता दून इंटरनेशनल स्कूल में होगी। इसके अलावा फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता, कला और फोटोग्राफ ी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। अंत में विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस दौरान परमजीत कक्कर, आशीष गर्ग, ब्रिगेडियर केजी, बेहल, अभिजय, स्वाति सिंह, करन कपूर, अस्मिता पंत, सात्विक, आर्ची, आयुष, शिवम आदि मौजूद रहे।
----
नहीं किया प्लास्टिक का इस्तेमाल
मैराथन में संस्था की ओर से प्लास्टिक और पॉलिथीन का इस्तेमाल नहीं किया गया। संस्था के सदस्यों ने गढ़वाल सभा और शहर के गुरुद्वारों के सहयोग से आठ किमी के रूट पर छह पानी के स्टाल लगाए। इन पर स्टील के गिलास और मिट्टी के कुल्हड़ों का उपयोग किया गया। वहीं, प्रचार के लिए कपड़े के ईको फ्रेंडली बैनर का इस्तेमाल किया गया।