ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
एक तरफ रेलवे प्रशासन हर साल दून रेलवे स्टेशन पर ट्रेन व कोच की संख्या बढ़ा रहा है। इसके एवज में कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं कर रहा है। इससे बोगियों के रखरखाव समेत अन्य कार्यों में काफी परेशानी हो रही है। इस बाबत उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारियाें ने रविवार को डीआरएम तरुण प्रकाश से मुलाकात कर मानकों के अनुसार कर्मचारी नियुक्त कराने की मांग उठायी।
यूनियन शाखा सचिव जीके श्रीवास्तव के अनुसार वर्ष 2007 में दून रेलवे स्टेशन पर कुल कोच की संख्या 117 थी। वर्ष 2019 में यह डाटा 176 तक पहुंच गया है। वहीं कर्मचारियों की संख्या 223 से घटकर 131 तक पहुंच गई है। कर्मचारियों की संख्या घटने से कोच के रखरखाव में भारी दिक्कतेें आ रही हैं। इसके अलावा स्टेशन से दूर निजी आवास लेकर रहने वाले कर्मचारियों को सस्ती दर पर रेलवे कैंटीन की सुविधा, वार्षिक पंजिका समय से मुहैया नहीं हो रही है। डीआरएम ने कर्मचारियों के तमाम मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई आश्वासन दिया है।