ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक टीपी सिंह ने रविवार को डीआरएम तरुण प्रकाश और अन्य अधिकारियों के साथ देहरादून रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन प्लेटफार्म के कार्यों में देरी पर नाराजगी जतायी और 24 बोगी की ट्रेन के लिए प्लेटफार्म बनाने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक टीपी सिंह रविवार को देहरादून रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ यात्री विश्रामगृह, बुकिंग, पार्सल, आरक्षण केंद्र का भी जायजा लिया। स्टेशन की साफ सफाई के लिए अधिकारियों को हिदायत दी। इसके अलावा गाड़ियों का समय से संचालन और यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रेनों में यात्रियोें को साफ सुथरा खाना मुहैया कराया जाए और अधिकृत वेंडरों को ही गाड़ियों में सामान बेचने दिया जाए। निरीक्षण दस्ते में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा, आरपीएफ कमांडेंट रवि वंशी, सीनियर डीईएन कुलवंत सिंह, स्टेशन निदेशक गणेशचंद्र ठाकुर, स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल समेत कई अधिकारी शामिल रहे।
स्ेटशन पर बनेगा चार सितारा होटल
एमडीडीए उपाध्यक्ष ने दी ‘रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट’ की जानकारी
देहरादून। दून रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने और सौंदर्यीकरण के बाबत उत्तर रेलवे महाप्रबंधक टीपी सिंह ने एमडीडीए उपाध्यक्ष और अन्य अधिकारियाें के साथ बैठक की। एमडीडीए उपाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने महाप्रबंधक के सामने ‘स्टेशन रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट’ का विस्तृत ब्योरा दिया। एमडीडीए उपाध्यक्ष श्रीवास्तव के अनुसार परियोजना के तहत स्टेशन पर चार सितारा होटल बनाया जाएगा। साथ ही सामान्य यात्रियाें के लिए होटल का निर्माण किया जाएगा। इस बाबत जुलाई तक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर टेंडर जारी कर दिया जाएगा। सौंदर्यीकरण के कार्यों मेें गढ़वाली व कुमाऊंनी स्थापत्य कला की झलक देखने को मिलेगी। बैठक में महाप्रंबंधक टीपी सिंह व एमडीडीए उपाध्यक्ष आशीष जोशी के अलावा सचिव गिरीश गुणवंत, एमडीडीए के कई अधिकारी मौजूद रहे।