ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
पर्वतीय मंडल पजिटिलानी मिनी स्टेडियम में विकासशील युवा संगठन ग्राम कोठा खत बमटाड़ की ओर से आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में तीसरे दिन रविवार को ग्रुप ए का फाइनल मैच खेला। इसमें चिटाड़ ने 25-20 के अंतर से जिसोऊ को हराकर खिताब पर कब्जा किया।
मुकाबले के लिए टॉस क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जौनसार बावर परगने में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई मिनी स्टेडियम बनाए गए, लेकिन भाजपा सरकार ग्रामीण प्रतिभाओं की उपेक्षा कर रही है। कई स्टेडियम खस्ताहाल हो चुके हैं, उनका सुधारीकरण नहीं कराया जा रहा है। बताया कि कोठा खेला मैदान का सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए वह अपने स्तर पर प्रयास करेंगे।
इसके बाद कबड्डी तीन व्यक्ति और कबड्डी सात व्यक्ति टीमों के मुकाबले शुरू हुए। कबड्डी तीन व्यक्ति में 37 और सात व्यक्ति में 48 टीमें प्रतिभाग कर रहीं हैं। कबड्डी सात व्यक्ति का पहला मैच आरा और कोठा के बीच हुआ, जिसमें आरा ने 29-18 के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में हाजा ने 20-12 के अंतर से सेंज की टीम को पटखनी दी।
इस दौरान समिति अध्यक्ष जीवन सिंह तोमर, दीवान तोमर, आनंद सिंह, कुलदीप सिंह, जितेंद्र सिंह, संजय, ज्ञान सिंह, धरम सिंह, बलवीर सिंह, महावीर सिंह, विरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।